Sunday, 29 September 2019

Mirzapur : सड़क पर जमा हुआ पानी चोटहिल हो रहे लोग

- रिपोर्ट : बृजेश गोंड
मीरजापुर : सीटी ब्लाक क्षेत्र के रीवा रोड से बिकना लिंक रोड पर लगातार हो रहे मूसलाधार बारिश के चलते रोड पर लगभग दो फिट पानी जम गया है। इससे जहा एक ओर आने जाने वालो के लिये परेशानी का सबब बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर आस पास रह रहे लोगो के घरो में  गन्दा पानी बीमारियों को दावत दे रही है। शनिवार को स्कूल खुलने के कारण बच्चे घुटने तक पानी में होकर स्कूल जाने के लिये मजबूर दिखे। रास्ते में पानी जमा होने का कारण नाली जाम होना बताया गया। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान से भी की। लेकिन कोई समाधान नही निकला। स्थानीय लोगों ने बताया की कितने तो पानी में ही गिर जा रहे है, कई को तो हल्की चोटे भी लगी है।

Saturday, 28 September 2019

चिन्मयानंद तुम मर क्यों नहीं जाते !

- सीत मिश्र
हम किससे न्याय चाहते हैं और कहाँ? ये बड़ा सवाल है। आप झुनझुना बजाते रहिये न्याय की, लोकतंत्र की। लेकिन जो तस्वीर है वो आम जन के हक़ की बात नहीं करती। जिसने शिकायत की वो 14 दिन से हिरासत में है, जिसके खिलाफ शिकायत हुई वो अस्पताल में आराम फरमा रहा है।

चिन्मयानंद तुम मर क्यों नहीं जाते !

तुम नहीं मरोगे क्योंकि तुम्हारे पास पैसे हैं, तुम्हारे समर्थन में बड़ा हुजूम है, तुम्हारे पास ताकत है, तुम्हारे ड्रामे पर यकीन करने वाले लोग हैं। कुछ दिन यूं ही और बिताओ अस्पताल में। यक़ीन मानो हम भी भूल जाएंगे कि तुम गुनहगार हो। हमें भी तो अपने हिस्से की रोजी-रोटी कमानी है, कब तक एक ही झमेले में पड़े रहेंगे।।

चिन्मयानंद तुम मर क्यों नहीं जाते !

लोग इतने मासूम हैं उन्हें लगता है कि चिन्मयानंद को फंसाने के लिए उस लड़की को भेज गया था। आप सोचिये, दिमाग लगाइए उस लडक़ी का अपना स्वार्थ हो सकता है, आखिर वहाँ गयी ही क्यों? इंकार कर सकती थी। मासूमों इन सब सवालों में उलझ जाओ, भूल जाओ की चिन्मयानंद क्या अय्याशी कर रहा था, सब थोप दो लड़की पर।

चिन्मयानंद तुम मार क्यों नहीं जाते !

तुम मर नहीं सकते मैं जानती हूँ, सब जानते हैँ। तुम्हारा मरना भुलावा हो सकता है सच नहीं। तुम्हारी शक्ति बहुत व्यापक है, तुम्हारा संसार बहुत बड़ा। तुम्हारे हर गलती नज़रअंदाज़ की जा सकती है, तुम्हारी जय जयकार हर गुनाह पर भारी है इसलिए तुम नहीं मरोगे अभी शिकार करोगे, करना सिखाओगे और ये चलता रहेगा अनंत काल तक।
 *************
सीत मिश्रा
लेखिका परिचय
सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज में जन्मी सीत मिश्रा की प्रारम्भिक शिक्षा रॉबर्ट्सगंज मे ही हुई। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता करने के बाद 5 साल तक आकाशवाणी दिल्ली समेत कई न्यूज़ चैनलों में बतौर एंकर काम किया। आपकी जनसत्ता, दैनिक-जागरण, राष्ट्रीय सहारा, लमही और पाखी जैसी पत्रिकाओं में नियमित लेख और कुछ कहानियां भी प्रकाशित हुई। आपकी 'दिल्ली हिन्दी साहित्य अकादेमी' से सम्मानित उपन्यास 'रूममेट्स' प्रकाशित हुई है। वर्तमान समय में मुम्बई में रहते हुए आप फ़ीचर फ़िल्म, वेब सीरीज़ व कई एड फ़िल्म का लेखन में व्यस्त है। का लेखन जारी।

Friday, 27 September 2019

मुंबई अमरदीप 28 Sep 2019

दूसरी औरत के साथ पति के नाजायज संबंध से पत्नी ने कर डाली पति की हत्या

- रिपोर्ट : बृजेश गोंड
मिर्जापुर : अहरौरा थाना क्षेत्र में लगभग 3 हफ्ते पहले हुई हत्या के मामले में आखिरकार पुलिस को सफलता मिली ही गई। पुलिस ने हत्या की घटना को अंजाम देने वाली मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पति की हत्या की घटना को अंजाम देने वाली महिला ने अपने जुर्म को कुबूल कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्ता को शुक्रवार को मिडिया के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया।

शुक्रवार पुलिस लाइन के मनोरंजन गृह में घटना का खुलासा करते हुए नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ0 धर्मवीर सिंह ने बताया कि 8/9 सितम्बर की रात्रि में अहरौरा थाना क्षेत्र के ग्राम सरसवापर में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मुरारी मिश्रा की हत्या कर दिया गया था। जिसके सम्बन्ध मे थाना स्थानीय पर 9 सितम्बर को मृतक की पत्नी नीलम मिश्रा द्वारा अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध धारा 302 भा0द0वि0 का अभियोग पंजीकृत कराया गया था। मुकदमा के अनावरण हेतु पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के कुशल नेतृत्व मे थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे द्वारा टीम गठित कर, हत्या के अनावरण हेतु साक्ष्य संकलन कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या करने वाले अपराधी के सम्बन्ध में अथक प्रयास किया गया।

विवेचना से ज्ञात हुआ कि मृतक की पत्नी नीलम मिश्रा द्वारा अपने पति को अन्य महिला के साथ नाजायज सम्बन्ध को लेकर लगातार घर में विवाद होता था। घर में आर्थिक तंगी भी है, मृतक नशेड़ी भी था। मृतक द्वारा चैत्र नवरात्र से पहले अपनी पत्नी को पत्थर से मारा भी गया था। उस समय मृतक की पत्नी नीलम मिश्रा द्वारा अपना सिन्दुरदान गुस्से में जलाने की बात भी सामने आई। शक के आधार पर शुक्रवार को प्रातः थानाध्यक्ष अहरौरा राजेश जी चौबे मय हमराह उ0नि0 विमलेश कुमार सिंह व तेजबहादुर राय, हे0का0 अवधेश यादव व चन्द्रशेखर सिंह, का0 भानू प्रताप सिंह यादव, रत्नेश यादव, विनय यादव  तथा म0का0 रेखा यादव की टीम ने मृतक की पत्नी नीलम मिश्रा को उसके घर सरसवापर से हिरासत मे लेकर पूछताछ किया तो उसने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि प्रतिदिन के गृह कलह एवं मारपीट से आजिज आकर उसने अपने पति की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी। अभियुक्ता द्वारा जुर्म स्वीकार करने लेने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर लिया। घटना के अनावरण व घटना में संलिप्त अभियुक्ता को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा पांच हजार रूपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।

नवागत पुलिस अधीक्षक शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से किया फ्लैग मार्च

फ्लैग मार्च करते नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह
- रिपोर्ट : बृजेश कुमार गोंड
मिर्जापुर : नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह के द्वारा जनपद के थाना शहर कोतवाली क्षेत्र के वासलीगंज चौकी से पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया गया। नवागत पुलिस अधीक्षक के पदभार ग्रहण करने के पहले ही दिन फ्लैग मार्च पर निकलने से जनता में एक अच्छा संदेश गया। पुलिस अधीक्षक ने बातचीत में उन्होंने बताया कि फ्लैग मार्च करने का उनका उद्देश्य शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी है और सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी फ्लैग मार्च करना जरूरी है। उसके बाद बीच में बारिश होने के कारण पुलिस अधीक्षक ने थाना शहर कोतवाली क्षेत्र के नारघाट स्थित से ही वापस जाना पड़ा। फ्लैग मार्च के दौरान मुख्यरूप से एडिशनल एसपी प्रकाश स्वरूप पांडे, क्षेत्राधिकारी नगर सुधीर कुमार, थाना शहर कोतवाली प्रभारी, थाना कटरा कोतवाली प्रभारी, वासलीगंज चौकी प्रभारी भारत भूषण सहित काफी संख्या में पुलिस बल के नौजवान भी मौजूद रहे।